मथुरा से CM योगी का चुनावी शंखनाद! कांग्रेस पर बरसते हुए कहा- “उनके लिए फैमिली फर्स्ट है…”

कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए CM योगी ने कहा कि, "कांग्रेस के लिए फैमिली फर्स्ट है, जबकि मोदी सरकार के लिए नेशन फर्स्ट है।

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर अब सभी राजनीतिक दलों ने भी अपनी कमर कस ली है। चुनाव में जीत पाने के लिए इन सभी पार्टियों की तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस बीच BJP ने भी इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकने के लिए तैयार है। उत्तर प्रदेश के 80 लोकसभा सीटों पर जीत पाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोर्चा संभाला है। खबर है कि 27 मार्च यानी बुधवार को CM योगी ने मथुरा के प्रबुद्ध सम्मेलन में अपने चुनाव प्रचार का शंखनाद किया।

उन्होंने वहां मौजूद प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि, “मेरा सौभाग्य है कि मुझे होली के अगले दिन यहां आने का मौका मिला है। यहाँ की होली की चर्चा पूरी दुनिया में होती है। आज पूरे 500 साल बाद रामलला ने भी होली खेली है।”

इस दौरान उन्होंने BJP सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि, “2014 में हमारी सरकार आने से पहले पूरे उत्तर प्रदेश में उग्रवाद था। जम्मू कश्मीर में पत्थरबाजों का कब्जा था। मगर 2014 में मोदी सरकार आने के बाद वहां शांति बहाल हुई। अब घाटी में मौजूद सैनिकों को पत्थरबाजी में घायल नहीं होना पड़ता है।

संबोधन के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ के निशाने पर कांग्रेस पार्टी भी रही। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले जो योजनाएं बनाई जाती रही वो जाति और धर्म के अनुसार बनाई जाती थी। जिनका लाभ भी उन्हीने के चेहरे को देखकर दिया जाता था। मगर PM मोदी के नेतृत्व में हमने नागरिकों की संतुष्टि को अपनी जीत का आधार बनाया है, ना की जाति और मजहब को।

कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए CM योगी ने कहा कि, “कांग्रेस के लिए फैमिली फर्स्ट है, जबकि मोदी सरकार के लिए नेशन फर्स्ट है। ऐसे में परिवार को पहले रखने वालों के राज में माफिया राज, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति थी। मगर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश के अंदर, रामराज, सबका साथ सबका विकास है और माफिया राज की समाप्ति के कार्य भी होते हैं।

Related Articles

Back to top button