यूपी राजकीय शिक्षकों के ट्रांसफर का काउंटडाउन शुरू, 12 जून से ऑनलाइन आवेदन, 30 जून तक मिल जाएगी नई तैनाती

उत्तर प्रदेश के राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षिकाओं के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर है। वर्ष 2026-27 के लिए शिक्षकों की स्थानांतरण एवं समायोजन प्रक्रिया आगामी 12 जून से शुरू होने जा रही है।

Lucknow : उत्तर प्रदेश के राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षिकाओं के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर है। वर्ष 2026-27 के लिए शिक्षकों की स्थानांतरण एवं समायोजन प्रक्रिया आगामी 12 जून से शुरू होने जा रही है। यह पूरी प्रक्रिया वर्ष 2017 में लागू की गई ऑनलाइन स्थानांतरण नीति के तहत पूरी तरह पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने सोमवार को इस संबंध में विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी है। सरकार का लक्ष्य है कि 30 जून 2026 तक सभी ट्रांसफर आदेश जारी कर शिक्षकों को कार्यमुक्त और नए विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करा दिया जाए।

चुन सकेंगे मनपसंद 10 स्कूल, सरप्लस शिक्षकों का पहले होगा समायोजन
जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12 जून तक जिला विद्यालय निरीक्षक एनआईसी की वेबसाइट पर विद्यालयवार, विषयवार और पदवार रिक्तियों के साथ-साथ सरप्लस शिक्षकों की सूची लाइव कर देंगे। इसके बाद शिक्षकों को 18 जून तक ऑनलाइन आवेदन करने का समय मिलेगा, जिसमें वे अपनी पसंद के अधिकतम 10 विद्यालयों का विकल्प भर सकेंगे।

स्थानांतरण के पहले चरण में सरप्लस शिक्षकों को समायोजित किया जाएगा। इस समायोजन के लिए एक विशेष गुणांक (अंक प्रणाली) तय की गई है। इसमें दिव्यांगता, गंभीर बीमारी, महिला, विधवा, तलाकशुदा, विधुर होने, जोन-2 और जोन-3 में सेवा अवधि, अधिक आयु तथा राज्य या राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को वरीयता के आधार पर अंक दिए जाएंगे।

इन शिक्षकों को मिलेगी ट्रांसफर में प्राथमिकता
दूसरे चरण में उन शिक्षकों के आवेदनों पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा जिनके पति या पत्नी सेना और अर्द्धसैनिक बलों में तैनात हैं। इसके अलावा गंभीर बीमारियों से ग्रस्त शिक्षक, 58 वर्ष से अधिक आयु के शिक्षक और अलग-अलग जिलों में कार्यरत सरकारी कर्मचारी दंपतियों के तबादलों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद शेष बचे शिक्षकों के आवेदनों का निस्तारण उनके निर्धारित गुणांक के आधार पर किया जाएगा। डीआईओएस सभी आवेदनों का सत्यापन कर अंतिम सूची शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) को ई-मेल के जरिए भेजेंगे।

Related Articles

Back to top button