ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को पहुंचाने की हो रही भरपूर कोशिश, औचक निरीक्षण में सीडीओ ने विकास कार्यों का जाना हाल

योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के संकल्प के साथ जनपद के सभी विभाग के अधिकारी युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं।

रिपोर्ट:- आशीष सोनी

योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के संकल्प के साथ जनपद के सभी विभाग के अधिकारी युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं। इसी क्रम में आज मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ग्राम सभा सेमरी का स्थलीय निरीक्षण करने अचानक मौके पर पंहुच गए। उन्होंने सबसे पहले प्राइमरी स्कूल की जांच की। इस दौरान सीडीओ ने बच्चों की उस्थिति संख्या में वृद्धि के साथ साथ लड़कों और लड़कियों के लिए अलग अलग टॉयलेट बनवाने का निर्देश दिया। विद्यालय के जर्जर भवन को ध्वस्त करने के साथ ही विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र, आउटर जिम और एएनएम सेंटर के कायाकल्प का भी निर्देश दिया।

जब दूसरी कक्षा की छात्रा अंजली के बगल में फर्श पर बिछे टाट पर बैठे मुख्य विकास अधिकारी

मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल प्राथमिक विद्यालय सेमरी के निरीक्षण के दौरान बड़े ही सहज ढंग से कक्षा दूसरी की छात्रा अंजलि के बगल में बैठ गए, उन्होंने छात्रा से रोज स्कूल आने की बात कही साथ ही गुणा करने का तरीका भी सिखाया। छात्रा से नाम पूछा और दुलारते हुए पढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद क्लासरूम में पढ़ते अध्यापक से परिसर में साफ सफाई का निर्देश देते हुए हेडमास्टर से लड़कों और लड़कियों के लिए अलग अलग टॉयलेट जल्द निर्माण करने की बात कही। उन्होंने अध्यापकों से छात्रों की संख्या में बढ़ोत्तरी के भी दिशा निर्देश दिए।

प्राथमिक विद्यालय सेमरी का निरीक्षण कर सीडीओ जब निकल रहे थे तो उनकी नजर लाठी लेकर बैठी एक वृद्ध महिला पर पड़ी उन्होंने जाकर पूछा, अम्मा आपका आयुष्मान कार्ड बना हुआ है कि नहीं। बूढ़ी महिला ने अपना दुख दर्द जमीन पर बैठे सीडीओ से साझा किया। उसने बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है और वो विधवा है। सरकारी योजनाओं को इस बूढ़ी महिला तक पहुंचाने के लिए सीडीओ ने ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी को तत्काल निर्देशित करते हुए कहा कि अतिशीघ्र इस वृद्ध महिला के लिए सरकार की उपलब्ध योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।

भारत समाचार से बात करते हुए मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि मौजूदा योगी सरकार ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को पहुंचाने की भरपूर कोशिश कर रही है। इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत रायपुर और ग्राम पंचायत सेमरी का मैंने औचक निरीक्षण किया है। संबंधित कर्मियों को निर्देशित कर दिया गया है सरकार की उपलब्ध हर योजनाएं गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य जरूर पूरा होगा। सीडीओ के साथ डीपीआरओ, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button