सहारनपुर में नकली सिक्कों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 70 करोड़ के खेल का खुलासा !

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस ने नकली सिक्के बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली नगर पुलिस, SOG-स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में नकली सिक्के तैयार करने वाली फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। पुलिस ने गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में नकली सिक्के और उन्हें बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 20 रुपये के 6,400 नकली सिक्के बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 28 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा सिक्के बनाने वाली मशीनें, लोहे की डाई, मोबाइल फोन, वाहन और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

शराब ठेकों और टोल प्लाजा पर खपाते थे नकली सिक्के

बता दे कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी तैयार किए गए नकली सिक्कों को शराब की दुकानों, टोल प्लाजा और अन्य जगहों पर इस्तेमाल करते थे। गिरोह का नेटवर्क कई जिलों तक फैला होने की जानकारी पुलिस को मिली है। एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि गिरोह के मुख्य आरोपी उपकार लूथरा ने पूछताछ में दावा किया कि लंबे समय से नकली सिक्कों का कारोबार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी इस तरह के मामले में जेल जा चुका है।

करोड़ों रुपये के नकली सिक्के चलाने का दावा

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह बड़े पैमाने पर नकली सिक्के तैयार करता था। पूछताछ में आरोपियों ने अब तक करोड़ों रुपये के नकली सिक्के बाजार में चलाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को नकली सिक्के बाजार में चलाने पर कमीशन भी मिलता था। एक सिक्के को तैयार करने में कम लागत आती थी और उसे बाजार में चलाकर बड़ा मुनाफा कमाया जाता था।

भारी मात्रा में उपकरण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सिक्के बनाने वाली 6 मशीनें, कई लोहे की डाई, बिना मोहर वाली डाई, पॉलिश मशीन, घिसाई मशीन, मोबाइल फोन, कार और हिसाब-किताब के रजिस्टर बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button