
डेस्क: भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपने पूरे परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने की बात कही है। पवन सिंह ने पोस्ट में लिखा कि जब आदमी घर के चक्कर में पड़ जाता है तो सभी वेद-शास्त्र भूल जाता है।
उन्होंने आगे लिखा कि बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद वह बेहद दुखी होकर यह पोस्ट कर रहे हैं। साथ ही भोजपुरी समाज के सभी लोगों से हाथ जोड़कर क्षमा भी मांगी है। पवन सिंह ने स्पष्ट किया कि आज और अभी से उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं है।
हालांकि, उन्होंने अपनी मां और सबसे बड़े भाई रानू सिंह के प्रति प्रेम जताते हुए लिखा कि जिसने उन्हें जन्म दिया और उनके बड़े भाई के लिए जब तक जिंदा हैं, उनकी जान हाजिर है।
पोस्ट के अंत में पवन सिंह ने खुद को भोजपुरी समाज के सभी परिवारों का एक छोटा सा सदस्य बताते हुए अपनी बात समाप्त की। उनकी इस भावुक पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।









