पहली बार भारत में होगा बिग बैश लीग का मैच, पीएम मोदी ने मेलबर्न से किया ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ऐतिहासिक Melbourne Cricket Ground (MCG) का दौरा किया। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के...

मेलबर्न: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ऐतिहासिक Melbourne Cricket Ground (MCG) का दौरा किया। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल कूटनीति (Sports Diplomacy) को नई मजबूती देने पर चर्चा हुई। पीएम मोदी के साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे।

MCG दौरे के दौरान पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के इंटरनेशनल मैस्कॉट ‘रूबी द रू’ (Ruby the Roo) से भी मुलाकात की। इस मौके पर दोनों देशों के बीच क्रिकेट, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, खिलाड़ियों के विकास और खेल तकनीक को लेकर सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।

पहली बार भारत में खेला जाएगा BBL मैच

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग को लेकर एक ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। ऑस्ट्रेलिया की लोकप्रिय टी-20 लीग Big Bash League (BBL) का शुरुआती मुकाबला इस साल दिसंबर में चेन्नई में आयोजित किया जाएगा।

यह क्रिकेट इतिहास में पहली बार होगा जब कोई विदेशी क्रिकेट लीग भारत की धरती पर अपना मैच खेलेगी। यह मुकाबला भारत में आयोजित होने वाले सप्ताह भर के G’Day Namaste कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की संस्कृति, व्यापार और खेल से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

2032 ब्रिस्बेन और 2036 ओलंपिक को लेकर भी हुई चर्चा

MCG में भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत हुई। इसमें IPL और BBL के बीच साझेदारी, खिलाड़ियों के विकास, खेल से जुड़ी जानकारी साझा करने और बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में मिलकर काम करने जैसे विषय शामिल रहे।

बैठक में 2032 Brisbane Olympics और भारत की 2036 Olympic Games की मेजबानी की दावेदारी को लेकर भी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की गई।

MCG में पीएम मोदी ने क्रिकेट को बताया साझा जुनून

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि MCG में आकर हर भारतीय के मन में दो भावनाएं आती हैं। पहला भारत-ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट मुकाबलों का रोमांच और दूसरा यह एहसास कि दोनों देशों के लिए क्रिकेट केवल एक खेल नहीं बल्कि एक साझा जुनून है।

पीएम मोदी ने कहा, “आज यहां कोई लास्ट ओवर फिनिश का दबाव नहीं है। आज यहां सिर्फ खेल की खुशी है, दोस्ती की गर्मजोशी है और भविष्य के चैंपियंस की ऊर्जा है।”

India-Australia Sports Collaboration Roadmap लॉन्च

पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने मिलकर India-Australia Sports Collaboration Roadmap लॉन्च किया। इसके तहत क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में भी सहयोग बढ़ाने की योजना है।

पीएम मोदी ने कहा कि खेल भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों की मजबूत कड़ी है। दोनों देश खेल प्रशिक्षण, स्पोर्ट्स साइंस, तकनीक और खिलाड़ियों के विकास के क्षेत्र में मिलकर आगे बढ़ेंगे।

Related Articles

Back to top button