
वाराणसी, 29 नवंबर 2026: काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कला परंपरा को नई पीढ़ी के नजरिए से प्रस्तुत करने के लिए आयोजित पहले बनारस बिएनाले में युवा कलाकारों की प्रतिभा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। अदाणी ग्रुप के सहयोग से शुरू की गई छात्र कला पहल के तहत बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के करीब 500 विद्यार्थियों ने 800 कलाकृतियां तैयार की हैं। इन कलाकृतियों के जरिए प्राचीन शहर बनारस के अतीत, वर्तमान और भविष्य को रचनात्मक अंदाज में दर्शाया गया है।
नम्रता अदाणी की परिकल्पना पर शुरू हुई पहल
इस छात्र कला पहल की परिकल्पना अदाणी ग्रुप की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और बनारस बिएनाले की स्टीयरिंग कमेटी की सदस्य नम्रता अदाणी ने की है। इसका उद्देश्य युवा कलाकारों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से बनारस की सांस्कृतिक विरासत और बदलती पहचान को प्रस्तुत कर सकें।
नम्रता अदाणी ने कहा कि हमारी विरासत केवल अतीत को याद करके संरक्षित नहीं की जा सकती, बल्कि यह तब जीवंत रहती है, जब हर पीढ़ी उससे जुड़ती है, उसकी अपनी व्याख्या करती है और उसे आगे बढ़ाती है। इस पहल का उद्देश्य युवा कलाकारों को बनारस के प्रति अपना नजरिया प्रस्तुत करने का अवसर देना है।

नमो घाट पर 300 कलाकृतियों की प्रदर्शनी
इस पहल के तहत तैयार की गई करीब 300 चयनित कलाकृतियों को नमो घाट पर बांस से बने आकर्षक और इमर्सिव इंस्टॉलेशन में प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां NDTV क्रिएटर्स मंच भी लगाया गया है, जहां डिजिटल क्रिएटर्स और कहानीकार अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों से जुड़ रहे हैं।
इसके अलावा BHU के स्वतंत्रता भवन में करीब 100 कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई है। यह प्रदर्शनी स्टूडेंट और फैकल्टी बिएनाले का हिस्सा है। इस पहल के तहत करीब 30 उत्कृष्ट छात्र कलाकारों को सम्मानित भी किया जाएगा।

सीएम योगी ने किया कला कैटलॉग का विमोचन
इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव तब सामने आया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘बनारस: एक कल्पना – वॉल्यूम-1, 2026’ नामक स्मारक कला कैटलॉग का विमोचन किया। इस कैटलॉग में विद्यार्थियों की कलाकृतियों और बनारस को लेकर उनकी रचनात्मक सोच को संकलित किया गया है। इसका उद्देश्य बिएनाले के बाद भी युवा कलाकारों की कला और उनके दृष्टिकोण को संरक्षित रखना है।
BHU के कुलपति के मार्गदर्शन में तैयार हुईं कलाकृतियां
‘टाइम वुवेन इन लाइट: पास्ट, प्रेजेंट एंड फ्यूचर ऑफ बनारस’ थीम पर आधारित इस पहल को BHU के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पूरा किया गया। इसकी क्रिएटिव डायरेक्शन, कलात्मक मेंटरशिप और क्यूरेशन की जिम्मेदारी सत्यजीत दवे ने संभाली।
कलाकृतियों के मूल्यांकन, चयन और अंतिम रूप देने में BHU के फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आशीष गुप्ता और सत्यजीत दवे की सक्रिय भूमिका रही। चयनित कलाकृतियों का कॉपीराइट संबंधित छात्र कलाकारों के पास ही रहेगा।

31 दिसंबर तक चलेगा बनारस बिएनाले
कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) की ओर से आयोजित पहला बनारस बिएनाले 27 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस वर्ष इसकी थीम ‘काशी/लाइट: सिटी ऐज सेंसरियम’ रखी गई है। आयोजन में संस्कृति मंत्रालय, पर्यटन मंत्रालय और उत्तर प्रदेश सरकार सरकारी साझेदार के रूप में शामिल हैं।
बिएनाले के माध्यम से दृश्य कला, हस्तशिल्प, सांस्कृतिक परंपराओं और समकालीन रचनात्मक अभिव्यक्ति को एक मंच पर लाया जा रहा है। अडानी ग्रुप की यह पहल युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही काशी की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी के नजरिए से दस्तावेजी रूप में संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।









