
बॉम्बे हाई कोर्ट ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और भरण-पोषण से जुड़े एक अहम मामले में 88 वर्षीय बुजुर्ग के पक्ष में बड़ा फैसला सुनाते हुए संपत्ति की गिफ्ट डीड रद्द कर दी है। कोर्ट ने बेटे और बहू को 15 दिनों के भीतर मुंबई के मलाड इलाके स्थित फ्लैट खाली कर बुजुर्ग पिता को सौंपने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में फ्लैट खाली न करने पर पुलिस की मदद से खाली कराने की बात भी कही गई है।
26 नवंबर को आया फैसला, रहने के अधिकार पर जोर
26 नवंबर को दिए गए अपने आदेश में जस्टिस आरती साठे ने स्पष्ट किया कि बुजुर्गों को अपने घर में रहने का अधिकार भी उनके भरण-पोषण का अभिन्न हिस्सा है। यह मामला 88 वर्षीय देवचंद कोर्शी देधिया और उनके बेटे शिबन देवचंद देधिया से जुड़ा है। देवचंद और उनकी पत्नी ने 1999 में मलाड में यह फ्लैट खरीदा था। बुजुर्ग के अनुसार, 2015 में पत्नी के निधन के बाद बड़े बेटे और बहू ने उनसे पावर ऑफ अटॉर्नी पर हस्ताक्षर करवाए और फ्लैट के हिस्से अपने नाम करा लिए।
गिफ्ट डीड की शर्तें और बुजुर्ग का आरोप
4 जून 2018 को देवचंद ने बेटे के नाम रजिस्टर्ड गिफ्ट डीड की थी, जिसमें स्पष्ट रूप से यह उल्लेख था कि वह जीवनपर्यंत फ्लैट में रह सकेंगे और बेटे को केवल सांकेतिक कब्जा मिलेगा। बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि फ्लैट ट्रांसफर होने के बाद बेटे और बहू ने उन्हें परेशान किया, कोविड-19 के दौरान घर में प्रवेश नहीं करने दिया और अंततः उन्हें वृद्धाश्रम भेज दिया गया।
सीनियर सिटिजन्स ट्रिब्यूनल के बाद हाई कोर्ट में राहत
इससे पहले देवचंद ने सीनियर सिटिजन्स ट्रिब्यूनल में गिफ्ट डीड रद्द करने की अर्जी दी थी, लेकिन ट्रिब्यूनल ने इससे इनकार कर दिया था। इसके बाद मामला बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचा। हाई कोर्ट ने कहा कि जब गिफ्ट डीड में बुजुर्ग को आजीवन फ्लैट में रहने का अधिकार दिया गया था, तो बेटे और बहू के लिए उस शर्त का पालन करना आवश्यक था।
2007 के अधिनियम का हवाला
फैसले में माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 का संदर्भ देते हुए कोर्ट ने कहा कि भरण-पोषण में भोजन, वस्त्र, आवास और चिकित्सा जैसी मूलभूत जरूरतें शामिल हैं। अदालत ने माना कि बुजुर्ग को अपने घर से दूर रखने की परिस्थितियां गिफ्ट डीड को रद्द करने का ठोस आधार बनती हैं।









