शादी के बीच पुलिस लेकर पहुंची ‘गर्लफ्रेंड’, दूल्हे के साथ प्रेम-प्रसंग का किया खुलासा

बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध कौतुक हरिजन बस्ती में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शादी समारोह में पुलिस के ....

आजमगढ़: बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध कौतुक हरिजन बस्ती में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शादी समारोह में पुलिस के साथ पहुंची युवती ने दूल्हे पर प्रेम संबंध का दावा ठोक दिया। बारातियों के हंगामे के बीच पुलिस को स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी।

शादी के मंडप में पहुंची ‘प्रेमिका’

जानकारी के अनुसार, पटवध कौतुक निवासी गुद्दुर की बेटी की शादी मुबारकपुर के बृजेश कुमार से हो रही थी। बारात दरवाजे पर थी और विवाह की रस्में चल रही थीं। तभी रौनापार क्षेत्र की एक युवती डायल 112 की टीम के साथ पहुंची और दूल्हे पर गंभीर आरोप लगाते हुए शादी रुकवा दी। युवती का दावा था कि दूल्हे के साथ उसके पहले से प्रेम संबंध हैं।

सिंदूरदान के बाद दूल्हा-दुल्हन हुए गायब

इस हंगामे के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ बारातियों ने जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि इस अफरा-तफरी के बीच सिंदूरदान की रस्म पूरी हो चुकी थी और मौका पाकर दूल्हा-दुल्हन वहां से निकल गए।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को हिरासत में लिया है और गहन पूछताछ जारी है। लड़की पक्ष का आरोप है कि इस विवाद के कारण उनकी शादी की तैयारियों और समारोह में भारी नुकसान हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button