
मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को लड़कियों के एक सरकारी स्कूल में कथित तौर पर छात्राओं के कपड़े उतरवाकर मोबाइल फोन की तलाशी लेने और उनके साथ मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद गुस्साए पैरेंट्स ने मामले में पुलिस को शिकायत दी है।
मल्हारगंज थाने में पैरेंट्स की तरफ से दी गई शिकायत के मुताबिक, बड़ा गणपति इलाके के सरकारी शारदा बालिका हायर सेकेंडरी स्कूल की एक महिला टीचर ने क्लास में मोबाइल फोन बजने के बाद छात्राओं को शौचालय में ले जाकर सबके कपड़े उतरवाए और मोबाइल फोन के लिए तलाशी ली।
पैरेंट्स ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि कपड़ा उतारने के लिए छात्राओं के मना करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई और उनकी वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी भी दी गई।
मल्हारगंज थाने के सब इंस्पेक्टर एम. ध्रुवे ने कहा, “शिकायत की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।”









