पहाड़ से मैदान तक बारिश की तबाही, हिमाचल में एक ही परिवार के 5 की मौत, बुलंदशहर में खुले नाले ने ली मासूम की जान, चारधाम यात्रा पर रोक

नई दिल्ली। पूरे उत्तर भारत में हो रही मूसलधार बारिश ने पहाड़ से लेकर मैदान तक भारी तबाही मचाई है। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, तो वहीं उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा को दो दिन के लिए रोकना पड़ा। उधर, उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा एक मासूम बच्ची को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।

हिमाचल में दर्दनाक हादसा

सोमवार देर रात पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर लाहड़ के पास मूसलधार बारिश के बीच एक कार फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में तीन महीने के बच्चे समेत एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह परिवार पीजीआई चंडीगढ़ से बच्चे का इलाज कराकर वापस लौट रहा था। दूसरी ओर, चंबा में भारी भूस्खलन से करीब 20 वाहन मलबे में दब गए, जबकि प्रदेश में 108 मुख्य और कई संपर्क सड़कें अब भी बंद पड़ी हैं।

बुलंदशहर में खुले नाले ने ली मासूम की जान

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नगर पालिका की लापरवाही सामने आई है। मंगलवार को डेढ़ घंटे की तेज बारिश के बाद पूरा शहर जलमग्न हो गया। स्कूल की छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रही कक्षा चार की छात्रा चारू सड़क और खुले नाले में फर्क नहीं कर पाई और बह गई। देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका था। वहीं संभल में एक मकान की दीवार गिरने से ताई-भतीजी की मौत हो गई। बुलंदशहर के डीएम कुमार हर्ष ने बताया कि इस मामले में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है और दोषियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

कश्मीर में बादल फटा, असम में बाढ़ से 75 मौतें

उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा जिले में मंगलवार को बादल फटने से निचले इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे रिहायशी मकानों और कृषि भूमि को भारी खतरा पैदा हो गया है। उधर, असम में बाढ़ ने एक बार फिर कहर ढाया है। मंगलवार को सात और लोगों की जान जाने के बाद राज्य में कुल मृतकों की संख्या 75 तक पहुंच गई। करीब 3.32 लाख की आबादी अब भी बाढ़ की चपेट में है और 81 राहत शिविरों में लोगों ने शरण ले रखी है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने कहा कि पीड़ितों को जल्द मदद देने के लिए नियमों में ढील दी गई है।

चारधाम यात्रा रोकी गई, कई राज्यों में अलर्ट

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त ने बताया कि गुरुवार को मौसम देखकर यात्रा दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जुलाई से तीन अगस्त के बीच हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर के 10 जिलों में एक अगस्त तक ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button