मेरठ की केसरगंज मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़ने पहुंचे हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता हिरासत में, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

मेरठ की केसरगंज मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़ने के ऐलान के बाद बुधवार को हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता मस्जिद की ओर पहुंचे। पुलिस ने मस्जिद में...

मेरठ: मेरठ की केसरगंज मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़ने के ऐलान के बाद बुधवार को हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता मस्जिद की ओर पहुंचे। पुलिस ने मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़ने जा रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मस्जिद जाने के लिए CAB इंटर कॉलेज पर एकत्र हुए थे।

हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने केसरगंज मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान किया था। हालांकि, पिंकी चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ गाजियाबाद में हाउस अरेस्ट हैं। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ता मेरठ में मस्जिद की ओर जाने के लिए जुटे।

मस्जिद के आसपास छावनी में तब्दील इलाका

मेरठ पुलिस ने केसरगंज मस्जिद के आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने थाने में पुलिस के सामने अपनी कई मांगें रखीं। SP सिटी के समझाने के बाद कार्यकर्ता वापस लौट गए।

यह पूरा मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र का बताया जा रहा है।

हिंदू रक्षा दल ने क्या कहा?

हिंदू रक्षा दल के क्षेत्रीय प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि संगठन के कार्यकर्ता हनुमान चालीसा पढ़ने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने यहां हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान किया था।

अंकुर शर्मा के मुताबिक, किसी कारण से पिंकी चौधरी हाउस अरेस्ट हो गए हैं। इस मामले में आगे जो भी निर्णय होगा, उसकी जानकारी दी जाएगी। वहीं, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा अनशन के लिए देहरादून चले गए हैं।

उन्होंने कहा कि पिंकी चौधरी और ललित शर्मा आगे जो भी फैसला करेंगे, संगठन के कार्यकर्ता उनके साथ रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि संगठन की जिन मांगों को पुलिस के सामने रखा गया था, उन पर पुलिस ने विचार किया है और SP सिटी की ओर से संतोषजनक जवाब मिला है।

अंकुर शर्मा ने बताया कि 100 से ज्यादा कार्यकर्ता एकत्र हुए थे और उन्हें हिरासत में लेकर थाने लाया गया। बाद में कार्यकर्ताओं के वापस लौटने की बात कही गई।

Related Articles

Back to top button