
मुजफ्फरनगर: पुरकाजी थाना क्षेत्र के लक्सर मार्ग पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां कार और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि कार सवार लोग बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। इसी दौरान लक्सर मार्ग पर उनकी कार सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। आमने-सामने की टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। हादसे के बाद पुलिस ने डंपर समेत उसके चालक को अरेस्ट कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। बर्थडे पार्टी से लौट रहे लोगों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस की ओर से हादसे को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।









