बीमारी या कोई साजिश…,जिंदगी की जंग हार गए प्रतीक यादव, पोस्टमार्टम पूरा; इसी बीच अपर्णा से झगड़े का पुराना पोस्ट भी हो रहा है वायरल….

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव (38) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार, थोड़ी देर में शव को केजीएमयू के पोस्टमार्टम हाउस से परिजनों को सौंपा जाएगा। हालाँकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी जारी नहीं की गई है। इस रिपोर्ट से ही यह साफ हो पाएगा कि प्रतीक की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, पुरानी बीमारी के चलते दम तोड़ा या इसके पीछे कोई साजिश और अपराध जिम्मेदार है। फिलहाल, जहरखुरानी से लेकर परिवारिक विवाद के पुराने एंगल तक, हर पहलू पर जांच के दायरे में है।

4 डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम, वीडियोग्राफी भी कराई गई

प्रतीक यादव के शव का पोस्टमार्टम केजीएमयू के मोर्चरी हाउस में डॉ. मौसमी सिंह के नेतृत्व में 4 डॉक्टरों के विशेष पैनल द्वारा किया गया । पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई है । पोस्टमार्टम से पहले शव का सीने का एक्स-रे भी किया गया था । प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, जब प्रतीक को अस्पताल लाया गया तब उनकी नब्ज़ पूरी तरह खत्म हो चुकी थी और हृदय काम करना बंद कर चुका था ।

‘संदिग्ध जहरखुरानी’ पर अस्पताल निदेशक का बयान

सिविल अस्पताल के निदेशक सीएमएस ने पुष्टि की कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध जहरखुरानी (सस्पेक्टेड पॉइजनिंग) का प्रतीत होता है। शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं ।

पुरानी बीमारी का एंगल

दूसरी ओर, परिवारजनों और अस्पताल सूत्रों का कहना है कि प्रतीक लंबे समय से फेफड़ों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और लंग्स में ब्लड क्लॉट (रक्त का थक्का) का इलाज चल रहा था । 30 अप्रैल को हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत में थोड़ा सुधार होने पर वे बिना औपचारिक छुट्टी लिए ही घर लौट आए थे । आज तड़के करीब 5 बजे वे अचानक अनुत्तरदायी (अनरिस्पॉन्सिव) हो गए, जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें लेकर अस्पताल दौड़े ।

पारिवारिक विवाद वाला पुराना पोस्ट भी चर्चा में

प्रतीक की संदिग्ध मौत के बाद जनवरी 2026 का उनका वह इंस्टाग्राम पोस्ट भी एक बार फिर सुर्खियों में है, जिसमें उन्होंने पत्नी अपर्णा यादव को “स्वार्थी महिला” और “परिवार बर्बाद करने वाली” करार देते हुए तलाक की बात कही थी । हालांकि, बाद में प्रतीक ने वीडियो जारी कर कहा था कि दोनों के बीच सब कुछ सामान्य है और विवाद सुलझ गया है । इसके बावजूद, जांच एजेंसियां हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।

अब आगे क्या?

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो पाएगा कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या कोई जहरीला पदार्थ शरीर में पाया गया। फिलहाल, परिवार और चाहने वालों को इस रिपोर्ट का इंतजार है। खबर है कि आज दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button