स्नैपचैट से दोस्ती कर किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ में सोशल मीडिया के जरिए किशोरी से दोस्ती कर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने स्नैपचैट पर बातचीत के बाद किशोरी को अपने जाल में फंसाया और होटल में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में पीड़िता के पिता की शिकायत पर नाका कोतवाली में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।

17 वर्षीय किशोरी मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली है और परिवार के साथ बाजारखाला क्षेत्र में रहती है। किशोरी के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले स्नैपचैट पर एक अनजान आईडी से रिक्वेस्ट आई थी। आरोपी ने खुद का नाम हेमंत कुमार बताया और बातचीत के दौरान उससे संपर्क बढ़ाया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पीड़िता के मुताबिक, मार्च में आरोपी ने उसे नाका क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया था। आरोप है कि घटना के बाद उसे धमकी दी गई। तबीयत खराब होने पर परिवार ने डॉक्टर से जांच कराई, जिसके बाद गर्भवती होने की जानकारी सामने आई।

नाका थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपी हेमंत कुमार को चारबाग बस अड्डे के बाहर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी रायबरेली के कुरिया अहिया रायपुर का निवासी है और लखनऊ में इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

किशोरी को अगवा करने के मामले में भी गिरफ्तारी

वहीं, ठाकुरगंज पुलिस ने 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा करने के मामले में शुभम गौतम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। किशोरी को बरामद करने के बाद उसके बयान के आधार पर मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं।

Related Articles

Back to top button