
लखनऊ: यूपी चुनाव से पहले INDIA गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है। सपा सांसद इकरा हसन के बयान के बाद कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। दोनों दलों के नेताओं के बीच एक-दूसरे पर बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।
इकरा हसन के बयान पर कांग्रेस का पलटवार
कैराना से सपा सांसद इकरा हसन ने कहा था कि अगर सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होता तो समाजवादी पार्टी को इससे कोई नुकसान नहीं होता। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस के कई नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई।
कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब खान ने इकरा हसन के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ती तो इकरा हसन की जीत भी मुश्किल होती।
‘अखिलेश यादव को गुमराह करते हैं लोग’
हसीब खान ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ रहने वाले लोगों पर भी आरोप लगाए। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि ऐसे लोग भाजपा के लिए काम करते हैं और अखिलेश यादव को गुमराह करते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी गठबंधन से हटकर अलग चुनाव लड़ती तो सपा इतनी ज्यादा सीटें नहीं जीत पाती।
चुनाव आयोग के आंकड़ों का दिया हवाला
हसीब खान ने अपने दावे के समर्थन में चुनाव आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए कई सीटों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर सपा गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ती तो कई अहम सीटों पर समाजवादी पार्टी को हार का सामना करना पड़ सकता था।
इकरा हसन के बयान और कांग्रेस नेता हसीब खान की प्रतिक्रिया के बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन और पिछले चुनावी प्रदर्शन को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।









