
राजधानी लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण कोचिंग सेंटर अग्निकांड से सबक लेते हुए उत्तर प्रदेश का प्रशासनिक अमला अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। छात्रों की सुरक्षा को लेकर शासन से मिले कड़े निर्देशों के बाद प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को जिले में एक बेहद बड़ी कार्रवाई की है। पीडीए की टीम ने नियमों और अग्नि सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर संचालित हो रही देश के सुप्रसिद्ध शिक्षक खान सर की कोचिंग ‘खान ग्लोबल क्लासेस’को पूरी तरह से सील कर दिया है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से ही प्रयागराज के कोचिंग हब कहे जाने वाले इलाकों के संचालकों में भारी हड़कंप मच गया है।
जोनल अधिकारी के नेतृत्व में पहुंची टीम, चस्पा किया नोटिस
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पीडीए और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने संस्थान पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान ‘खान ग्लोबल क्लासेस’ में सुरक्षा मानकों और बिल्डिंग बायलॉज से जुड़ी कई गंभीर कमियां और खामियां पाई गईं। जरूरी मानक और कागजात पूरे न होने के कारण प्राधिकरण की टीम ने तत्काल प्रभाव से कोचिंग परिसर को सील कर दिया। सीलिंग की कार्रवाई पूरी करने के बाद अधिकारियों ने कोचिंग के मुख्य गेट पर आधिकारिक सीलिंग का नोटिस बोर्ड भी चस्पा कर दिया है।
सीलिंग तोड़ी या क्लास चलाई तो सीधे दर्ज होगी FIR
जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि लखनऊ हादसे के बाद छात्रों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि किसी ने भी प्राधिकरण द्वारा लगाई गई इस सीलिंग को तोड़ने का प्रयास किया या गुपचुप तरीके से दोबारा कोचिंग का संचालन करने की कोशिश की, तो प्रबंधन के खिलाफ सीधे नामजद एफआईआर दर्ज कराकर जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन अब शहर की सभी बड़ी कोचिंग और लाइब्रेरी की जांच के लिए विशेष अभियान चला रहा है।









