लेडी सिंघम का ‘मिडनाइट ऑपरेशन’, सादे कपड़ों में जब खुद सड़क पर उतरीं कमिश्नर, 1 घंटे में 40 मनचलों को किया गिरफ्तार…

हैदराबाद में महिला IPS बी. सुमाथी ने भेष बदलकर किया मिडनाइट ऑपरेशन। सादे कपड़ों में सड़क पर उतरीं कमिश्नर, छेड़खानी करने वाले 40 आरोपी गिरफ्तार। देखें जांबाज अधिकारी का एक्शन।

Hyderabad: शहर की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा का दावा करने वाली व्यवस्था की असलियत जानने के लिए मलकाजगिरी की पुलिस कमिश्नर बी. सुमाथी ने एक ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे महकमे में हलचल मचा दी है। कमिश्नर सुमाथी देर रात खुद एक आम महिला का भेष धरकर सादे कपड़ों में दिलसुखनगर के भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में उतरीं।

बता दें, नतीजा चौंकाने वाला रहा। महज एक घंटे के भीतर, उन्हें कई ऐसे असामाजिक तत्वों का सामना करना पड़ा जो उन पर फब्तियां कस रहे थे या बेहूदगी का प्रयास कर रहे थे। कमिश्नर को अकेला समझकर छेड़खानी और पीछा करने वाले बदमाशों को यह भनक तक नहीं थी कि वे सीधे पुलिस के ‘जाल’ में फंस रहे हैं। जैसे ही किसी ने सीमा पार की, सादे कपड़ों में ही तैनात पुलिस की बैकअप टीम ने उन्हें दबोच लिया।

इस विशेष ‘मिडनाइट ऑपरेशन’ के दौरान पुलिस ने करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से कई लोग नशे की हालत में हंगामा कर रहे थे, जबकि कुछ राह चलती महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें और उत्पीड़न में शामिल थे।

कमिश्नर बी. सुमाथी ने बताया कि यह ऑपरेशन महिलाओं के मन से डर निकालने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए किया गया था। पकड़े गए सभी आरोपियों पर सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई के बाद से हैदराबाद के मनचलों और अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button