Lalitpur : ‘लुटेरी दुल्हन’ का कारनामा, शादी के मात्र 2 दिन बाद पति को छोड़ प्रेमी संग हुई फरार

ललितपुर: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने ‘लुटेरी दुल्हन’ की यादें ताजा कर दी हैं। यहाँ थाना बार के मर्रोली गांव में एक दुल्हन शादी के महज 48 घंटे के भीतर ही अपने पति को चकमा देकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। पीड़ित पति का आरोप है कि दुल्हन अपने साथ घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी भी ले गई है।

कोर्ट मैरिज के बाद बसाना था घर
जानकारी के मुताबिक, मर्रोली निवासी युवक ने दो दिन पहले ही युवती के साथ कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद दुल्हन बड़े अरमानों के साथ ससुराल आई थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसके इरादे कुछ और ही हैं। दो दिन तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बुधवार की रात दुल्हन ने मौका पाकर घर से रफूचक्कर होने की योजना बना ली।

नकदी और जेवरात पर साफ किया हाथ
पीड़ित पति ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि उसकी पत्नी घर से भागते समय अपने साथ सोने-चांदी के कीमती जेवर और काफी मात्रा में नगद पैसे भी ले गई है। युवक का दावा है कि वह अपने प्रेमी के साथ गई है, जिसके साथ उसका पहले से संबंध था।

पुलिस के चक्कर काट रहा पीड़ित
शादी की खुशियां तब मातम और बेइज्जती में बदल गईं जब सुबह दुल्हन घर से गायब मिली। तब से पीड़ित पति लगातार थाना बार के चक्कर काट रहा है, लेकिन अभी तक उसकी पत्नी और प्रेमी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है। इस घटना के बाद से मर्रोली गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Related Articles

Back to top button