लखनऊ ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में सूरत को पीछे छोड़ा,सोलर इंस्टॉलेशन में हासिल किया शीर्ष स्थान

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है और अब वह सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में देशभर में शीर्ष स्थान पर आ चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में चल रहे रुफटॉप सौर ऊर्जा के अभियान और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लखनऊ ने सूरत को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि प्राप्त की है।

उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा अभिकरण के निदेशक इंद्रजीत सिंह के अनुसार, पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना के तहत अब तक लखनऊ में 87,000 से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जो कि देश के किसी भी जिले में सबसे अधिक हैं। 15 अप्रैल तक लखनऊ में 3,133 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए गए, जिससे यह सोलर ऊर्जा अपनाने के मामले में देश का अग्रणी जिला बन गया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में घरेलू गैस के स्थान पर इंडक्शन कुकटॉप्स के बढ़ते उपयोग और इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के कारण बिजली की खपत में तेजी आई है। इसके अलावा, बढ़ते बिजली बिल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता ने लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया है। रूफटॉप सोलर सिस्टम उपभोक्ताओं को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ प्रदान कर रहे हैं, जिससे वे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

केंद्र और राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सोलर सब्सिडी और सरल आवेदन प्रक्रिया ने इस वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही, डिस्कॉम और संबंधित एजेंसियों के सहयोग से इंस्टॉलेशन प्रक्रिया को और तेज और आसान बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button