
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक्सरे टेक्नीशियन भर्ती 2023 के अभ्यर्थियों ने उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के आवास पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया के लंबे समय से अटके अंतिम परिणाम को जल्द जारी करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, एक्सरे टेक्नीशियन के कुल 382 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा वर्ष 2024 में आयोजित की गई थी। इसके बाद अभिलेख सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया वर्ष 2025 में पूरी कर ली गई, लेकिन इसके बावजूद अब तक अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से वे उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) और संबंधित अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन परिणाम को लेकर कोई स्पष्ट अपडेट नहीं मिल पा रहा है।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद परिणाम रोके जाने से उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। कई अभ्यर्थी लगातार आयोग के कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।
डिप्टी सीएम के आवास पहुंचे अभ्यर्थियों ने जल्द से जल्द अंतिम परिणाम जारी करने की मांग की, ताकि चयन प्रक्रिया पूरी हो सके और वे अपनी नौकरी की दिशा में आगे बढ़ सकें।









