
लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। भारत समाचार की खबर का दमदार असर देखने को मिला है। रैगिंग के गंभीर मामले में KGMU प्रशासन ने 38 MBBS छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही सभी दोषी छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
KGMU प्रशासन की इस कार्रवाई से मेडिकल कॉलेज में रैगिंग करने वाले छात्रों में हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई के तहत सभी 38 छात्रों की एक साल की स्कॉलरशिप भी रोक दी गई है। यानी रैगिंग की घटना में शामिल छात्रों को निलंबन, आर्थिक जुर्माने के साथ-साथ स्कॉलरशिप पर भी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
दरअसल, KGMU में जूनियर MBBS छात्रों के साथ रैगिंग का मामला सामने आया था। आरोप था कि सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों को सिर झुकाकर अभिवादन करने के लिए मजबूर किया था। इतना ही नहीं, जूनियर छात्रों से सिर झुकवाकर ‘प्रणाम महोदय’ भी बुलवाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया और जांच के बाद 38 MBBS छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की। सभी छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित करने के साथ 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, एक साल के लिए उनकी स्कॉलरशिप भी रोक दी गई है। KGMU प्रशासन की इस कार्रवाई को रैगिंग के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा है।









