Meerut : CCSU में परीक्षा से पहले BBA-HA का पेपर लीक होने का आरोप, राज्यपाल के दौरे के बीच विश्वविद्यालय पर उठे सवाल

मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) में परीक्षा से पहले BBA-HA का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 26 नवंबर को आयोजित परीक्षा का प्रश्नपत्र एक दिन पहले यानी 25 नवंबर को ही लीक हो गया था। इस मामले ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, प्रश्नपत्र की तस्वीर एक शिक्षक के मोबाइल फोन से खींचकर व्हाट्सएप पर भेजे जाने का आरोप है। परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र की तस्वीर सामने आने के बाद छात्रों के बीच भी सवाल उठने लगे। मामले की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच के लिए एक समिति का गठन किया था, लेकिन आरोप है कि जांच की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी और पूरा मामला ठंडे बस्ते में चला गया।

इस मामले में शिकायत करने वाले छात्र नेताओं ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्र नेताओं का कहना है कि शिकायत करने के बाद कुलपति की ओर से उनके घर पुलिस भेजी गई। इससे पूरे मामले को लेकर विवाद और गहरा गया है।वहीं, आज मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पहुंचीं। राज्यपाल के दौरे के बीच परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक होने का यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

छात्रों और छात्र नेताओं के आरोपों के बीच अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच का क्या हुआ और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी? विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक जवाब सामने आना बाकी है।

Related Articles

Back to top button