
उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा बदलाव करते हुए 20 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गुरुवार देर रात जारी आदेश के तहत चिकित्सा शिक्षा, संस्कृति, ऊर्जा, निबंधन, महिला एवं बाल विकास, राजस्व और ग्रामीण विकास जैसे अहम विभागों में अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों का हुआ तबादला
सरकार ने कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) को भी नई तैनाती दी है। आजमगढ़, बलिया, इटावा और मथुरा-वृंदावन समेत कई स्थानों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
चिकित्सा शिक्षा और निबंधन विभाग में बदलाव
डॉ. सारिका मोहन, जो महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा (DGME) और सचिव चिकित्सा शिक्षा का कार्यभार संभाल रही थीं, उन्हें महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। वहीं नेहा शर्मा को DGME और सचिव चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संस्कृति और सूचना विभाग में भी फेरबदल
सूचना निदेशक विशाल सिंह से विशेष सचिव संस्कृति और निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं संजय कुमार सिंह प्रथम को निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
दीपा रंजन को संस्कृति विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि जे. रीभा को वर्तमान जिम्मेदारी के साथ अपर निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
ऊर्जा और बाल विकास विभाग में नई जिम्मेदारी
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केरजीवाल को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का नया एमडी नियुक्त किया गया है।
जिलों में भी बदले अधिकारी
आजमगढ़ के CDO परीक्षित खटाना को अपर आयुक्त राज्यकर गौतमबुद्ध नगर भेजा गया है। वहीं राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ का नया CDO बनाया गया है।
बलिया के CDO ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन का नगर आयुक्त बनाया गया है, जबकि आलोक कुमार को बलिया का नया CDO नियुक्त किया गया है। इटावा के CDO अजय कुमार गौतम को राज्य कर विभाग में भेजा गया है और संजय कुमार सिंह को इटावा का CDO बनाया गया है।
अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां
मथुरा-वृंदावन के नगर आयुक्त जग प्रवेश को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। मनिकन्दन ए को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त राजस्व परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डॉ. वंदना वर्मा को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड में संयुक्त प्रबंध निदेशक का कार्यभार सौंपा गया है।









