
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में बेटे की शादी में नहीं बुलाए जाने से नाराज दामाद ने अपने ससुर की हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी दामाद सुखवीर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी बरेली एक्सप्रेसवे के पास से की गई है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक ने अपने बेटे की शादी का कार्ड दामाद को नहीं दिया था। शादी में न्योता नहीं मिलने से सुखवीर नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि आरोपी शादी समारोह में ही घुस गया था और वहां अपने ससुर की गला काटकर हत्या कर दी थी।
घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोवर्धन पुलिस और SOG टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी सुखवीर को बरेली एक्सप्रेसवे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने बेटे की शादी में पिता की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। शादी का कार्ड नहीं मिलने से शुरू हुआ विवाद इस खौफनाक वारदात की वजह बना। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






