
नैनीताल : उत्तराखंड के पर्यटन नगरी नैनीताल में इन दिनों रहस्यमयी पत्थरबाजी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। पिछले करीब 10 दिनों से रात के समय अचानक घरों की छतों पर पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस घटना के कारण जिला पंचायत और अपर माल रोड क्षेत्र के लोग दहशत में हैं।
8 बजे के बाद पत्थर गिरने का सिलसिला शुरू हो जाता
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रोजाना रात करीब 8 बजे के बाद पत्थर गिरने का सिलसिला शुरू हो जाता है। अचानक छतों पर पत्थर गिरने की आवाज से लोग सहम जाते हैं। कई लोगों ने इस मामले की शिकायत पुलिस से भी की है और जल्द से जल्द जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
लोग अपने घरों में रहने को मजबूर
लोगों का कहना है कि शाम होते ही अब वे अपने घरों में रहने को मजबूर हैं। उन्हें आशंका है कि कहीं पत्थरबाजी की वजह से कोई बड़ा हादसा न हो जाए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि घटना के पीछे जंगल क्षेत्र से किसी के द्वारा पत्थर फेंके जाने की संभावना जताई जा रही है।
इलाके में भी निगरानी बढ़ाने की तैयारी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर रात के समय लगातार पत्थरबाजी कौन कर रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और जंगल इलाके में भी निगरानी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। नैनीताल के अपर माल रोड क्षेत्र में लगातार हो रही इन घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोग अब प्रशासन से जल्द इस रहस्य का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।









