नेपाल फ्लैश फ्लड, भोटेकोशी नदी में तबाही के बाद 105 भारतीय लापता, 384 यात्रियों की तलाश जारी

नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में पर्यटकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक प्रभावित इलाकों से ...

नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में पर्यटकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक प्रभावित इलाकों से कुल 384 यात्रियों के लापता होने की प्रारंभिक सूचना मिली है, जिसमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। इनमें करीब 105 भारतीय नागरिक भी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा हिमालयन ग्लेशियर क्षेत्र से 37 एनआरआई के लापता होने की जानकारी भी सामने आई है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक फ्लैश फ्लड के बाद पर्यटन विभाग, टूरिस्ट पुलिस और अन्य एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद पर्यटकों और यात्रियों की स्थिति की जानकारी जुटा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार लापता यात्रियों की सूची प्रारंभिक है, जिसे ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर सत्यापित किया जा रहा है।

इससे पहले नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से भारी तबाही की खबर सामने आई थी। बाढ़ के कारण अब तक कम से कम सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि राहत और बचाव अभियान के दौरान 25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली सेना के जवानों को बचाव कार्य में लगाया गया है। सर्च ऑपरेशन के लिए 14 हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं नेपाल-चीन सीमा के पास तिमुरे में तैनात सशस्त्र पुलिस बल के नौ जवान भी लापता बताए गए हैं।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों और प्रभावित लोगों के लिए आपातकालीन नंबर जारी किए हैं। बोर्ड ने लोगों से टोल फ्री नंबर 1234 और हेल्पलाइन नंबर 1144 पर संपर्क करने की अपील की है। इसके अलावा टूरिस्ट पुलिस नंबर 9851289445 पर भी सहायता ली जा सकती है। पर्यटकों से शांत रहने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और स्थानीय प्रशासन से संपर्क बनाए रखने की अपील की गई है।

नेपाल में भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने भी आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं। दूतावास ने प्रभावित भारतीयों के लिए +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 नंबरों पर संपर्क करने की जानकारी दी है।

Related Articles

Back to top button