आतंकी ट्रेनिंग केस में NIA का बड़ा एक्शन… 1 अमेरिकी और 6 यूक्रेनियों के खिलाफ राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल…

एनआईए ने दिल्ली कोर्ट में 1 अमेरिकी और 6 यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इन पर म्यांमार के विद्रोहियों को ड्रोन ट्रेनिंग देने का आरोप है।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भारत के रास्ते म्यांमार के विद्रोही और जातीय सशस्त्र समूहों को सैन्य व ड्रोन ट्रेनिंग देने के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। इस चार्जशीट में 1 अमेरिकी नागरिक और 6 यूक्रेनी नागरिकों को आरोपी बनाया गया है। मुख्य आरोपी अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरन वैन डाइक ‘सन्स ऑफ लिबर्टी इंटरनेशनल’ (SOLI) नामक नॉन-प्रॉफिट सिक्योरिटी फर्म का संस्थापक है, जो लीबिया और सीरिया जैसे युद्धग्रस्त क्षेत्रों में सक्रिय रह चुका है।

एनआईए के मुताबिक, यह समूह मार्च में वैध वीजा के जरिए भारत पहुंचा था और वहां से मिजोरम के रास्ते अवैध रूप से म्यांमार सीमा में दाखिल हुआ। इन आरोपियों पर यूरोप से भारत के रास्ते म्यांमार तक ड्रोन की बड़ी खेप सप्लाई करने, विद्रोही गुटों को ड्रोन हमले की ट्रेनिंग देने और म्यांमार में एक नागरिक विमान पर हुए सुसाइड ड्रोन हमले में शामिल होने का गंभीर आरोप है। इन विद्रोही समूहों के तार भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय उग्रवादी संगठनों से भी जुड़े हैं।

बता दें, प्रारंभिक जांच यूएपीए (UAPA) के तहत शुरू की गई थी, लेकिन विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा के समक्ष दाखिल अंतिम चार्जशीट में एनआईए ने ‘इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट’ की धारा 21 और 23 के तहत आरोप तय किए हैं। इनमें अवैध प्रवेश, प्रतिबंधित क्षेत्रों में आवाजाही और वीजा नियमों का उल्लंघन शामिल है। मामले की अगली सुनवाई 1 अक्टूबर को तय की गई है।

Related Articles

Back to top button