प्रतीक यादव के निधन के बाद पुराना इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल: अपर्णा यादव को बताया था ‘परिवार बर्बाद करने वाली’, फिर ली थी यू-टर्न

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव (38) की रहस्यमयी मौत के बाद उनका एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में प्रतीक ने अपनी पत्नी अपर्णा यादव को ‘परिवार बर्बाद करने वाली’ करार देते हुए तलाक की बात लिखी थी। हालांकि, बाद में प्रतीक ने एक वीडियो जारी कर सुलह की घोषणा कर दी थी और विवाद को हवा देने वालों को अपशब्द कहकर खरी-खोटी सुनाई थी।

जनवरी में सोशल मीडिया पर फूटा था पारिवारिक विवाद

जनवरी 2026 में प्रतीक यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @iamprateekyadav से एक विस्फोटक पोस्ट किया था। पोस्ट में उन्होंने अपर्णा यादव पर तीखे आरोप लगाए थे….

“मैं जल्द से जल्द इस स्वार्थी महिला को तलाक देने जा रहा हूं। इसने मेरे पारिवारिक रिश्ते बर्बाद कर दिए। वह सिर्फ मशहूर और प्रभावशाली बनना चाहती है। अभी मेरी मानसिक स्थिति बहुत खराब है और उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। क्योंकि उसे सिर्फ अपनी फिक्र है। मैंने ऐसी बुरी आत्मा कभी नहीं देखी और मैं बदकिस्मत था जो उससे शादी हुई।”

प्रतीक ने यह भी आरोप लगाया कि अपर्णा ने उनका अपनी मां, पिता और भाई से रिश्ता तोड़ दिया।

फिर अचानक लिया यू-टर्न, ट्रोलर्स को सुनाई खरी-खोटी

विवाद बढ़ने के कुछ दिनों बाद ही प्रतीक ने 28 जनवरी को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर यू-टर्न ले लिया। वीडियो में उन्होंने कहा, 19 जनवरी को मेरी और मेरी पत्नी अपर्णा यादव के बीच बहुत गंभीर विवाद हुआ था, जिसके बाद मैंने दो पोस्ट डाले थे। अब हम दोनों ने मिलकर उस मामले को सुलझा लिया है। हमारे बीच अब कोई विवाद नहीं है।

अपर्णा के भाई ने बताया था ‘हैक्ड अकाउंट’

विवाद के दौरान अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट ने दावा किया था कि प्रतीक का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया था और वे पोस्ट को हटा नहीं पा रहे थे। हालांकि, बाद में प्रतीक के स्वयं वीडियो जारी कर विवाद को सुलझाने की पुष्टि ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए थे।

मौत के बाद फिर चर्चा में आया पुराना विवाद

प्रतीक यादव की आज सुबह आकस्मिक मृत्यु के बाद उनका यह पुराना पोस्ट एक बार फिर सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। गौरतलब है कि प्रतीक की मौत के समय अपर्णा यादव शहर से बाहर थीं और अपर्णा के भाई अमन सिंह बिष्ट ही उन्हें सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। प्रतीक और अपर्णा की शादी 2011 में हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं।

Related Articles

Back to top button