
लखनऊ / हरिद्वार: समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का आज (शनिवार) पवित्र नगरी हरिद्वार में पूरे विधि-विधान के साथ अस्थि विसर्जन किया जाएगा। इस दुखद घड़ी में सैफई परिवार सुबह से ही तैयारियों में जुटा हुआ है। गौरतलब है कि महज 38 वर्ष की उम्र में बुधवार की सुबह अचानक आई गंभीर बीमारी के कारण प्रतीक यादव का असामयिक निधन हो गया था।
चार्टर प्लेन से हरिद्वार जाएगा परिवार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बेटे व सांसद आदित्य यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव और सपा विधायक तेज प्रताप यादव लखनऊ के बैकुंठ धाम पहुंचे। यहां से सुबह 10:30 बजे अस्थि कलश लेकर पूरा परिवार चार्टर प्लेन के जरिए हरिद्वार के लिए रवाना होगा। प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव भी अपने पूरे परिवार के साथ हरिद्वार जा रही हैं।
स्वामी अवधेशानंद कराएंगे पूजा, आदित्य यादव करेंगे अस्थियां प्रवाहित
हरिद्वार के वीआईपी घाट पर प्रतीक यादव के अस्थि विसर्जन की पूरी प्रक्रिया सनातन परंपरा और विधि-विधान के साथ संपन्न होगी। प्रसिद्ध संत स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज इस पूजा-अर्चना को संपन्न कराएंगे। प्रतीक यादव की दोनों बेटियां और अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह भी इस दौरान मौजूद रहेंगे। चचेरे भाई और सांसद आदित्य यादव अपने भाई प्रतीक की अस्थियों को मां गंगा की लहरों में प्रवाहित करेंगे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ था मौत की वजह का खुलासा
बता दें कि बुधवार सुबह जब प्रतीक यादव को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया था, तब डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। शुरुआती जांच में उनके शरीर पर कुछ मामूली चोट के निशान भी मिले थे, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार वे चोटें जानलेवा नहीं थीं। बाद में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत की असली वजह ‘पल्मोनरी एंबोलिज्म’ (Pulmonary Embolism) बताई गई। इस बीमारी में शरीर के भीतर, विशेषकर फेफड़ों की धमनियों में खून के थक्के (Blood Clots) जम जाते हैं, जिससे अचानक सांस रुक जाती है। प्रतीक यादव के फेफड़ों में भी खून के थक्के जम गए थे।
गुरुवार को लखनऊ में हुआ था अंतिम संस्कार
इससे पहले गुरुवार को लखनऊ के भैंसाकुंड (बैकुंठ धाम) में प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार किया गया था। इस भावुक क्षण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, चाचा शिवपाल सिंह यादव सहित पूरा सैफई परिवार एक साथ नजर आया था। समाजवादी पार्टी के तमाम बड़े नेताओं के साथ-साथ भारी संख्या में शुभचिंतक प्रतीक यादव को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। प्रतीक यादव को उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी थी।









