
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह से हो रही तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बरसात के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। सुबह ऑफिस और स्कूल जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राजधानी में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
कई इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित
लगातार बारिश के कारण दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में पानी भर गया है। लुटियंस दिल्ली, मथुरा रोड, कनॉट प्लेस, भैरों मार्ग, आईटीओ, सदर बाजार, संगम विहार, जनकपुरी और जखीरा अंडरपास समेत कई जगहों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली।वहीं सराय काले खां, द्वारका एक्सप्रेसवे और सेंट्रल दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कई जगह वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए।
गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम का निर्देश
बारिश से बिगड़े हालात को देखते हुए गुरुग्राम जिला प्रशासन ने मंगलवार को कॉर्पोरेट दफ्तरों, सरकारी विभागों और निजी शिक्षण संस्थानों को वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन क्लास चलाने के निर्देश दिए हैं।प्रशासन का कहना है कि इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और जलभराव की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी।
IMD ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने दिल्ली के सेंट्रल, ईस्ट, न्यू दिल्ली, नॉर्थ, नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ वेस्ट, शाहदरा, साउथ, साउथ ईस्ट, साउथ वेस्ट और वेस्ट दिल्ली जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।IMD ने लोगों को सलाह दी है कि वे कमजोर संरचनाओं और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही मौसम और ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करें।
सोमवार को भी हुई थी भारी बारिश
इससे पहले सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों में पानी भर गया था। जनकपुरी में 67 मिमी, छतरपुर में 57 मिमी और पीतमपुरा में 35 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।









