परिसीमन विधेयक पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल का करेगी समर्थन

नई दिल्ली: संसद के विशेष सत्र में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने इस विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने इसकी जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक के पक्ष में खड़ी रहेगी।

जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि परिसीमन एक संवैधानिक जरूरत है और इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने विधेयक का समर्थन करने का निर्णय लिया है। उनके इस बयान के बाद परिसीमन विधेयक को लेकर जारी राजनीतिक चर्चाओं के बीच शरद पवार की पार्टी का रुख साफ हो गया है।

इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया था। पार्टी ने सभी सांसदों को सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया था।

पार्टी के इस फैसले को परिसीमन विधेयक पर संसद में होने वाली चर्चा और संभावित मतदान के लिहाज से अहम माना जा रहा है। विशेष सत्र में इस विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है। वहीं, शरद पवार गुट के समर्थन के फैसले ने इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के रुख को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button