
हिमाचल प्रदेश : चंबा जिले में बुधवार देर रात करीब 2 बजे एक बहुत ही दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मसरुंड-हमाल रोड पर एक गाड़ी बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी की छत उड़ गई और 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे सभी लोग
बता दे कि दुर्घटना का शिकार हुई बोलेरो ग्राम पंचायत खेदड़ के महल गांव की बता रही है। महल गांव के लोग पंचायत के काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने गए थे। धाम खाने के बाद सभी लोग बोलेरो में सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। गांव वालों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का काम किया। अंधेरा और दूर-दराज का इलाका होने की वजह से राहत के काम में काफी मुश्किलें आईं।
सड़क के किनारे कोई क्रैश बैरियर नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां यह हादसा हुआ, वहां सड़क के किनारे कोई क्रैश बैरियर नहीं लगा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर रोड सेफ्टी होती तो इतने बड़े हादसों से बचा जा सकता था। हादसे के बाद पूरे इलाके में दुख की लहर है। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, प्रशासन की तरफ से मृतकों की पहचान और दूसरी फॉर्मैलिटी पूरी की जा रही हैं।
एक और हादसे में 2 लोगों की मौत
एक दिन पहले भी चंबा जिले में एक भयानक सड़क हादसा हुआ था। यह हादसा बनीखेत-चंबा मार्ग पर डैम व्यू पॉइंट के पास NH-154A पर हुआ था। यहां एक कार ऊपर वाली सड़क से बेकाबू होकर गहरी खाई में और फिर नीचे चोहड़ा डैम रोड पर जा गिरी। कार में दो लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद दोनों लोगों के शव कार से निकाले गए, लेकिन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा की चिंता
चंबा जैसे पहाड़ी जिलों में ऐसे सड़क हादसे कोई नई बात नहीं है। पतली और घुमावदार सड़कें, खड़ी चढ़ाई और अक्सर खराब सड़क की हालत, इन सभी वजहों से हादसों का खतरा रहता है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा के तरीकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उम्मीद है कि प्रशासन ऐसे हादसों को रोकने और सड़कों की हालत सुधारने के लिए सख्त कदम उठाएगा।









