जसवंतनगर में शिवपाल यादव ने फूंका चुनावी बिगुल, मंच से डिंपल यादव के लिए मांगे वोट

मंच पर मौजूद शिवपाल सिंह यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, "भाजपा सिर्फ पूंजीपतियों के लिए ही काम करती आई है।

उत्तर प्रदेश के लोकसभा सीट जसवंतनगर में सपा का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। मंगलवार यानी 23 अप्रैल को यहां स्थित हिंदू इंटर कॉलेज में हुए  कार्यक्रम में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव प्रचार प्रसार के लिए पहुंची थी। जहां उन्होंने मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों को सम्बोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि, “भाजपा सिर्फ भ्रमित करने का काम करती आई है, ऐसे में अगर आप लोग दिल्ली की सरकार बदलवाने का काम कर दो तो प्रदेश की सरकार आसानी से हट सकती है।”

इस दौरान डिंपल यादव के साथ क्षेत्रीय विधायक और सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव भी मंच पर मौजूद दिखें। हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में आयोजित इंडिया गठबंधन के बूथ और सेक्टर कार्यकर्ता सम्मेलन में बोलते हुए शिवपाल ने भी भाजपा पर हमला करते हुए सपा को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने संबोधन में इस बार डिंपल को 1.11 लाख वोटों से बढ़त दिलाने का संकल्प लिया।

मंच पर मौजूद शिवपाल सिंह यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, “भाजपा सिर्फ पूंजीपतियों के लिए ही काम करती आई है। देश की संपत्तियों को इस सरकार ने पूंजीपतियों के हवाले करके बेचने का काम किया है और आगे भी ऐसा ही करना चाहती है। भारतीय जनता पार्टी सरकार देश के संविधान को बदलने का प्रयास कर रही है। उन्हें गरीबों, किसानों, नौजवानों के साथ-साथ प्रदेश की महिलाओं की कोई चिंता नहीं है।

इस बीच उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “बीजेपी तानाशाही के बलबूते पर अपनी सरकार चला रही है। आज प्रदेश में जो भी परीक्षाएं होती हैं। सभी के पर्चे लीक हो जा रहे हैं और सरकार के अफसर इन पर्चा लीक करने वाले अपराधियों को पकड़ भी नहीं पा रहे हैं। ये लोग किसी भी नौजवान को नौकरी नहीं दे पाए है। इनके संरक्षण में थाने व तहसीलों में गरीबों के साथ अत्याचार हो रहा है। बिजली की छापेमारी करके परेशान किया जा रहा है। सिर्फ मस्जिद व मंदिर में जनता को उलझाकर जनता को भ्रमित करने का काम किया जा रहा है।”

वहीं,यहां से सपा की लोकसभा प्रत्याशी डिंपल यादव ने भी जनता से अपने लिए वोट मांगते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि, “समाजवादी का झंडा कभी झुका नहीं है, हमेशा लहराता रहा है। नेताजी के जमाने से यहां के लोगों ने कभी इस झंडे को नीचा नहीं होने दिया। आज लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए इस बार के चुनाव में हमें मिलकर भाजपा को हटाने का दायित्व मिला है। ये दायित्व आप सब नौजवानों का भी है।

गौरतलब है कि इस कार्यक्रम का संचालन सपा नेता वीरू भदौरिया ने किया था, जिसकी अध्यक्षता प्रदीप शाक्य बबलू ने की। इस दौरान वहां जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव, डॉ. ब्रजेश चंद्र यादव, राहुल गुप्ता, अनुज मोंटी यादव, चेयरमैन सत्य नारायण शंखवार, रामवीर सिंह यादव, मयंक बुधौलिया आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button