शराब पार्टी रोकने पर भाभी को मारा चाकू, इटावा में हत्या से सनसनी; आरोपी फरार

डेस्क : इटावा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में एक देवर ने अपनी भाभी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भाभी को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी देवर अपने दोस्तों के साथ घर में शराब पार्टी कर रहा था। घर में शराब और धूम्रपान किए जाने का भाभी गीता ने विरोध किया। उन्होंने देवर को घर में शराब पीने और धूम्रपान करने से रोकने की कोशिश की। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शराब के नशे में देवर ने गुस्से में आकर भाभी गीता पर चाकू से वार कर दिया।

चाकू लगने से गीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

वारदात के बाद आरोपी देवर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। यह पूरा मामला चित्राहाट थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button