गर्मी की छुट्टी खत्म, बारिश की छुट्टी शुरू, यूपी के इन जिलों में प्रशासन ने दिया स्कूल बंद करने का आदेश

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारी बारिश और जगह-जगह जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिले के सभी स्कूलों में गुरुवार (9 जुलाई) को छुट्टी घोषित कर दी गई है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।

गाजियाबाद में बुधवार शाम से ही रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल बंद रखने का फैसला लिया।

सभी सरकारी और निजी स्कूलों को आदेश

प्रशासन ने जिले के सभी मान्यता प्राप्त सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों को भी इस संबंध में सूचना जारी कर दी गई है।

डीएम ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें और सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि छात्र इस अवकाश का उपयोग अपने लंबित असाइनमेंट पूरे करने में कर सकते हैं।

मथुरा और हाथरस में भी स्कूल बंद

बारिश के कारण बिगड़े हालात को देखते हुए मथुरा और हाथरस जिलों में भी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। दोनों जिलों में कक्षा 1 से 8वीं तक के स्कूल गुरुवार को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यूपी के 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने नोएडा और गाजियाबाद समेत उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में लगातार बारिश के चलते जलभराव की समस्या सामने आई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button