तेलंगाना में खौफनाक हत्याकांड जमानत पर बाहर आते ही आरोपी ने 6 लोगों की हत्या की

तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को हिलाकर रख दिया है।

तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को हिलाकर रख दिया है। शहाबद थाना क्षेत्र में एक पोक्सो (POCSO) एक्ट के आरोपी ने अपनी जमानत से बाहर आते ही खौफनाक अंजाम दिया। आरोपी राजकुमार ने एक साथ दो परिवारों को खत्म करते हुए कुल 6 लोगों की निर्मम हत्या कर दी।

घटना का सिलसिला

जानकारी के अनुसार, आरोपी राजकुमार पर एक नाबालिग लड़की के साथ रेप का मामला दर्ज था और वह इसी सिलसिले में पॉक्सो केस का सामना कर रहा था। कुछ दिन पहले ही उसे कोर्ट से जमानत मिली थी। जमानत पर जेल से बाहर आते ही उसने प्रतिशोध की भावना से नाबालिग पीड़िता, उसकी मां और उसकी नानी की बेरहमी से हत्या कर दी। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, इसके बाद आरोपी ने अपने घर पहुंचकर अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की भी जान ले ली।

खुद कॉल करके दी जानकारी

छह लोगों की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद अपने परिजनों को फोन किया। उसने बड़े ही ठंडे दिमाग से बताया कि उसने दोनों परिवारों का खात्मा कर दिया है और अब वह खुद आत्महत्या करने जा रहा है। इस सनसनीखेज सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस की कार्रवाई

फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी ने दो अलग-अलग स्थानों पर इस वारदात को अंजाम दिया है। शुरुआती जांच में यह पूरी तरह से सोची-समझी साजिश लग रही है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की स्पेशल टीमें गठित की गई हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि कुछ सुराग मिले हैं और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह घटना कानून व्यवस्था और पॉक्सो एक्ट के आरोपियों को दी जाने वाली जमानत को लेकर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर रही है। एक व्यक्ति द्वारा एक ही रात में छह लोगों की हत्या कर देना मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाला मामला है। स्थानीय लोग इस घटना से बेहद डरे हुए हैं और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button