सच अपने आप निकलता है, ‘पीडीए’ आ रहा है…, ओपी राजभर के वायरल वीडियो पर अखिलेश यादव के पोस्ट से बढ़ी सियासी गर्मी

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर...

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राजभर 2027 में पूरी तरह से पीडीए की सरकार बनने का दावा करते दिख रहे हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने बयान में सुधार करते हुए कहा कि एनडीए की सरकार आएगी।

इस वीडियो पर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि मन से तो राजभर भी पीडीए की सरकार चाहते हैं, लेकिन अपने व्यक्तिगत हित और लालच की वजह से यह नहीं बोल पा रहे। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा, “सच अपने आप निकलता है और झूठ सोचकर बोला जाता है। आपने सच कहा, सही कहा ‘पीडीए’ आ रहा है। कोहनी मारकर मुँह से निकले सच को बदलने की कोशिश न की जाए। सच तो ये है कि मन से तो ये भी पीडीए ही हैं, बस अपने लालच के मारे हैं।”

राजभर के वायरल वीडियो में देखा गया कि पत्रकार ने उनसे सवाल किया कि 2027 में किसकी सरकार बनने वाली है। इस पर राजभर ने जवाब दिया, “पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। पीडीए आ रहा है..सौ प्रतिशत राजा के लक्षण परिलक्षित हो रहे हैं पीडीए आ रहा है।”

उनके मुँह से ‘पीडीए’ शब्द सुनते ही पास बैठे उनके ही एक पार्टी नेता ने कोहनी से इशारा किया, जिसके बाद राजभर ने अपना बयान सुधारते हुए कहा, “पीडीए नहीं, एनडीए की सरकार आएगी।”

Related Articles

Back to top button