
हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में बाघ का आतंक थमने का नाम नही ले रहा है। जिसको लेकर वन विभाग की टीम भी परेशान है। विभाग द्वारा लगातार बाघों की तलाश जारी है। रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज में भी बाघ की तलाश की जा रही है। इसी सन्दर्भ में जानकारी लेने के लिए शुक्रवार को कुमाऊं मुख्य वन संरक्षक फतेहपुर रेंज कार्यालय पहुंचे।
पिछले कुछ वर्षों से फतेहपुर वन रेंज में बाघों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिसको लेकर वन विभाग के साथ-साथ लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। कुमाऊं मुख्य वन संरक्षक फतेहपुर रेंज कार्यालय पहुच कर उन्होंने वन अधिकारियों से ऑपरेशन टाइगर में किस तरह की अड़चन सामने आ रही है इस विषय पर पूरी जानकारी ली।
पिछले 6 महीनों के अंदर फतेहपुर वन रेंज में बाघ ने 7 लोगों को अपना निवाला बना लिया है। वन विभाग की टीम ने इन सारे घटनाक्रम के बीच बाघों को पकड़ने के लिए 100 से ज्यादा ट्रैप कैमरे और 10 से ज्यादा पिंजरे लगाए हैं। कैमरों और पिंजरे की मदत से एक टाइगर को पकड़ा गया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है, लेकिन अभी तक सफलता नही मिली है।









