
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। कासगंज कोतवाली क्षेत्र के अशोक नगर की रहने वाली 18 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध और नग्न अवस्था में ट्यूबवेल की छत पर पड़ा मिला। युवती का गला रेता हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बेरहमी से गला काटकर उसकी हत्या की गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, युवती बीती देर रात अपने घर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। परिजनों की ओर से उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह जब किलोनी रोड स्थित बंद रेलवे क्रॉसिंग के समीप बने ट्यूबवेल का मालिक वहां पहुंचा, तो उसने छत पर युवती का खून से लथपथ शव देखा। यह खौफनाक मंजर देखते ही उसने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और किसी अन्य अनहोनी का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।









