15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मचाया हाहाकार, दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले बोले- ‘यह बच्चा बेहद खास है’

अनिल कुंबले ने राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की है। कुंबले का मानना है कि वैभव इस सीजन में क्रिस गेल के 59 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

जयपुर: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व महान कप्तान और दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। कुंबले ने वैभव की विस्फोटक पावर-हिटिंग और मानसिक परिपक्वता को देखते हुए एक बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि 15 साल का यह युवा खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बहुत जल्द तोड़ सकता है।

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के रन चेज के दौरान वैभव सूर्यवंशी के बेखौफ अंदाज ने अनिल कुंबले को बेहद प्रभावित किया। स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान कुंबले ने कहा, “बहुत कम बल्लेबाज इतनी आसानी से कवर्स के ऊपर से छक्के मार सकते हैं, लेकिन वैभव ने दिग्वेश राठी के खिलाफ कई बार ऐसा करके दिखाया। यह बच्चा बेहद खास है। सबसे बड़ी बात उसका माइंडसेट है, वह अपनी उम्र से कहीं ज्यादा परिपक्व (मैच्योर) नजर आता है।”

38 गेंदों में 93 रनों की मैच जिताऊ पारी

मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने जोश इंग्लिस (60 रन) और मिचेल मार्श (96 रन) की आतिशी पारियों के दम पर 220/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। राजस्थान के लिए यशराज पुंजा ने दो विकेट चटकाए।

221 रनों के इस पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी काल बन गए। उन्होंने महज 38 गेंदों पर 10 छक्के और 7 चौके उड़ाते हुए 93 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वहीं ध्रुव जुरेल ने भी 53 रनों का तेज तर्रार योगदान दिया, जिसकी बदौलत रॉयल्स ने 19.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ राजस्थान 14 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

क्रिस गेल के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचे वैभव

वैभव सूर्यवंशी इस धमाकेदार पारी के साथ ही एक IPL सीजन में 50 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। IPL 2026 में अब उनके नाम कुल 53 छक्के हो चुके हैं।

एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने की सूची में फिलहाल ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल (2012 में 59 छक्के) टॉप पर हैं। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी (53 छक्के) दूसरे स्थान पर आ गए हैं। इस सूची में आंद्रे रसेल (52 छक्के) और अभिषेक शर्मा (42 छक्के) भी शामिल हैं। कुंबले ने उम्मीद जताई है कि राजस्थान रॉयल्स के पास अभी लीग का एक मैच और प्लेऑफ के मुकाबले बाकी हैं, ऐसे में वैभव बहुत जल्द गेल का 59 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच देंगे।

Related Articles

Back to top button