
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान शनिवार को होना है। उत्तर प्रदेश मे 13 सीटों पर इस दिन मतदान है। इसी के चलते सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए अपने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रत्याशियों से अपील की है। जिसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रत्याशियों को जीत का सर्टिफिकेट मिलने तक पूरी तरह से सजग, सतर्क, सचेत और सावधान रहने के लिए कहा है।
अखिलेश यादव ने एक्स पर की गई पोस्ट में कहा, प्रिय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रत्याशियों, मैं आज आपसे एक बेहद ज़रूरी अपील कर रहा हूँ। आप सब कल वोटिंग के दौरान भी और वोटिंग के बाद के दिनों में भी, मतगणना ख़त्म होने और जीत का सर्टिफिकेट मिलने तक पूरी तरह से सजग, सतर्क, सचेत और सावधान रहिएगा और किसी भी प्रकार के भाजपाई बहकावे में न आइएगा।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि दरअसल ये अपील वे इसलिए कर रहे हैं क्योंकि भाजपावालों ने ये योजना बनायी है कि कल शाम को चुनाव ख़त्म होते ही, वो अपनी ‘मीडिया मंडली’ से विभिन्न चैनलों पर ये कहलवाना शुरू करेंगे कि भाजपा को लगभग 300 सीटों के आसपास बढ़त मिली हुई है, जो कि पूरी तरह से झूठ है। ऐसे में आपके मन में ये सवाल उठेगा कि भाजपा को इस दो-तीन दिन का झूठ बोलने से क्या मिलेगा, जबकि ‘इंडिया गठबंधन’ की सरकार बनने जा रही है। इसके जवाब में हम आपको बता दें कि ऐसा झूठ फैलाकर भाजपा वाले आप सबका मनोबल गिराना चाहते हैं, जिससे आपका उत्साह कम हो जाए और आप लोग मतगणना के दिन सावधान और सक्रिय न रहें, जिसका फ़ायदा उठाते हुए भाजपा कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से मतगणना में धांधली कर सके। ध्यान रहे जो भाजपाई चंडीगढ़ के मेयर के चुनाव में कोर्ट द्वारा लगवाए गये कैमरों के सामने धांधली करने का बेशर्म दुस्साहस कर सकते हैं, वो चुनाव जीतने के लिए कोई भी घपला-घोटाला करने के लिए उतारू हो सकते हैं, इसीलिए ये सजगता ज़रूरी है।
सपा प्रमुख ने अंत में कहा कि आप लोगों से ये विशेष अपील इसीलिए है कि आप लोग किसी भी भाजपाई ‘एक्जिट पोल’ के बहकावे में न आएं और पूरी तरह से चौकन्ना रहते हुए, अपना आत्मविश्वास बनाए रखते हुए डटे रहें और जीत के अपने मूल-मंत्र ‘मतदान भी सावधान भी’ को याद रखते हुए, जीत का प्रमाण-पत्र लेकर ही संविधान, लोकतंत्र और देश की जनता की जीत का उत्सव मनाएं।
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम से अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार बंद हो गया था। जिसके बाद से सभी पार्टियों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी चुनावी कार्यक्रमों से फ्री हो गए थे। जिसके बाद सपा प्रमुख की ये अपील उन्हे आगे भी सजग रखेगी।









