महोबा में दिल दहला देने वाली वारदात, मासूम बच्ची के रोने से नाराज मां ने उतारा मौत के धाट

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक रूह कंपा देने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने ही अपनी ममता को तार-तार कर दिया। महोबा के चरखारी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चिंतेपुरा मोहल्ले में एक मां ने अपनी मासूम बच्ची के लगातार रोने से नाराज होकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।

घटना के संबंध में मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर के एक कमरे में मासूम बच्ची का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही चरखारी कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती पूछताछ और छानबीन में सामने आया कि मासूम बच्ची काफी देर से रो रही थी। बच्ची के लगातार रोने से मां अपना आपा खो बैठी और गुस्से में आकर उसने बच्ची को मौत के घाट उतार दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। एक मां द्वारा अपनी ही संतान की हत्या किए जाने की बात सुनकर हर कोई हैरान और स्तब्ध है। चरखारी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी मां को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के सटीक कारणों और तरीके का पूरी तरह खुलासा होगा। फिलहाल, पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

Related Articles

Back to top button