
नगरीय विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मऊ जिले के खुरहट पंप कैनाल के पास ‘पीपल’ का पौधा लगाकर ‘पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ वृक्षारोपण जन अभियान-2024 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर उनके पवित्र विचार और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पर लगाए।
अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की
मंत्री के द्वारा वहाँ मौजूद नागरिकों और एनसीसी के छात्रों के बीच पौधों का वितरण किया। वहीं, मंत्री एके शर्मा ने मऊवासियों से वृक्षारोपण अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने और मऊ के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सीएम योगी के मार्गदर्शन में 36.50 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 32 लाख पौधे मऊ जिले में लगाए जाएंगे।
सुखद जीवन के लिए प्रकृति का संरक्षण जरूरी
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि हमारी संस्कृति में वन, पेड़-पौधे धार्मिक परंपराओ और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र हैं। साथ ही आलौकिक सत्ता का बोध भी कराते हैं। उन्होंने पेड़-पौधों की महत्ता को बताते हुए कहा कि हमारे ऋषि मुनियों ने प्रकृति की गोद में जाकर ही जीवन का रहस्योद्घाटन किया। इसके अलावा सुखद जीवन के लिए प्रकृति का संरक्षण बहुत जरूरी है। स्वच्छ हवा, शुद्ध पानी, जीवन के अनुकूल जलवायु के लिए पौधरोपण के साथ वृक्षों का संरक्षण व संवर्धन करना बहुत आवश्यक है। पौधों के रोपण व संरक्षण से प्रकृति और धरती की सेवा के साथ आर्थिक समृद्धि भी होती है।









