देर रात अचानक बदले गए कई राज्यों के राज्यपाल, जानें कहां हुई किसकी नियुक्ति…

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक के पद से बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार देर रात कई राज्यों के लिए राज्यपालों की नियुक्तियों की घोषणा की है। इसे लेकर राष्ट्रपति भवन द्वारा एक अधिसूचना भी जारी की गई है, जिसमें सभी राज्यपालों की नई नियुक्ति के बारे में जानकारी प्रदान की गई है। जारी अधिसूचना के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक के पद से बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

इन राज्यपालों की हुई नियुक्ति

अधिसूचना में आगे ये भी बताया गया है कि, ‘‘सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल बनाया गया है साथ ही उन्हें मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर संतोष कुमार गंगवार को झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

वहीं पंजाब के राज्यपाल के रूप में गुलाब चंद कटारिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही उन्हें केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक भी नियुक्त किया गया है। बता दें, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुलाब चंद कटारिया का स्थान लिया है।

विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्थान का राज्यपाल बनाया गया है। इसके अलावा जिष्णु देव वर्मा को तेलंगाना जबकि ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम का नया राज्यपाल घोषित किया गया है। छत्तीसगढ़ का राज्यपाल रमेन डेका होंगे तो सी एच विजयशंकर को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

इसी के साथ के. कैलाशनाथन को पुडुचेरी का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होगी। बयान में कहा गया है कि ये नियुक्तियां उनके संबंधित कार्यालयों का कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी।

Related Articles

Back to top button