Barabanki: लेखपाल के बेटे से सरेआम गुंडई, घर में घुसकर पीटा, वीडियो हुआ वायरल

बाराबंकी के महर्षि नगर, लखपेड़ाबाग में लेखपाल घनश्याम सिंह के दो बेटों पर 10-12 दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगा है।

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। यहां लेखपाल घनश्याम सिंह के दो बेटों अखंड और सूरज पर हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित पिता का आरोप है कि 15 नवंबर की रात 10 से 12 दबंग लाठी-डंडों और असलहों से लैस होकर उनके घर में घुस आए और दोनों बेटों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

आरोप है कि हमलावरों ने अखंड और सूरज को इस कदर पीटा कि दोनों मरणासन्न अवस्था में पहुंच गए। इसके अलावा दबंगों ने घर के बाहर खड़ी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद मारपीट और तोड़फोड़ का वीडियो भी सामने आया है।

पीड़ित पिता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित पिता का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि वह न्याय की मांग को लेकर नगर कोतवाली पहुंचे और इंस्पेक्टर सुधीर सिंह से शिकायत की, लेकिन वह जांच की बात कहकर मामले को टालते रहे।

महर्षि नगर और लखपेड़ाबाग का मामला

पूरा मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के महर्षि नगर, लखपेड़ाबाग का बताया जा रहा है। पीड़ित पिता ने अपने बेटों के साथ हुई मारपीट और घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button