सपा कार्यकर्ताओं ने गायों के साथ सड़कों पर उतरकर अनूठे अंदाज में किया प्रदर्शन, कहा- “मौजूदा सरकार में गौ माता के साथ हो रहा उत्पीड़न”

सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर निगम एक तरफ कुत्तों का लाइसेंस जारी कर रहा है, लेकिन गायों के लाइसेंस को बंद कर दिया गया है।

संगम नगरी प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गायों के साथ सड़कों पर उतरकर अनूठे अंदाज में प्रदर्शन किया। सड़कों पर गायों के साथ जुलूस निकालने के दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी झड़प भी हुई। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं के जुलूस को निकालने नहीं दिया और मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिलाकर प्रदर्शन को खत्म करा दिया।

मौजूदा सरकार में गायों का हो रहा उत्पीड़न

सपा कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर जमकर नारेबाजी करते हुए नगर निगम और यूपी सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। सपा कार्यकर्ताओं ने अपने इस अनूठे प्रदर्शन में बड़ी संख्या में गायों को भी शामिल कर रखा था। उन्होंने गायों के गले पर तख्ती भी बांध रखी थी। आपको बता दें कार्यकर्ताओं का गायों के साथ यह अनूठा प्रदर्शन शहर के जार्ज टाउन इलाके में हुआ। सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मौजूदा सरकार में गौ माता कही जाने वाली गायों का उत्पीड़न हो रहा है।

कई पशुपालक भी रहे शामिल

सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर निगम एक तरफ कुत्तों का लाइसेंस जारी कर रहा है, लेकिन गायों के लाइसेंस को बंद कर दिया गया है। महाकुंभ के नाम पर लाइसेंस नहीं दिए जाने से गायों को कांजी हाउस में बंद कर दिया जा रहा है। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार एक तरफ गौमाताओं को लेकर हमदर्दी जताती है, लेकिन हकीकत में उसकी दुर्दशा को रोक नहीं पा रही है। कार्यकर्ताओं के इस प्रदर्शन में कई पशुपालक भी शामिल थे।

Related Articles

Back to top button