भारत 2024 में जोड़ेगा 30 गीगावाट की रिकॉर्ड अक्षय ऊर्जा क्षमता

सरकार 2030 तक 500 गीगावाट के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रति वर्ष 50 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता वृद्धि पर विचार कर रही है।

दिल्ली- नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत ने 2024 में लगभग 30 गीगावाट की रिकॉर्ड उच्च नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता वृद्धि दर्ज की, जो 2023 में दर्ज 13.75 गीगावाट से 113 प्रतिशत अधिक है। यह भारत की 2030 तक देश में 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने की महत्वाकांक्षी योजना के मद्देनजर महत्वपूर्ण है।

इसके अलावा, भारत को अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अगले छह वर्षों में प्रति वर्ष औसतन 50 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता जोड़ने की आवश्यकता है।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “वर्ष 2023 में 13.75 गीगावाट से वर्ष 2024 में लगभग 30 गीगावाट तक की तीव्र वृद्धि, जिसके परिणामस्वरूप अब लगभग 218 गीगावाट की प्राप्ति हो रही है, स्वच्छ ऊर्जा के प्रति भारत की बढ़ती प्रतिबद्धता तथा हरित भविष्य के निर्माण में इसकी प्रगति को रेखांकित करती है।” मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च, 2014 तक भारत के पास 35.84 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता थी।

वित्तीय वर्ष 2014-15 के बाद से, जब एनडीए सरकार ने केंद्र में सत्ता संभाली, भारत ने 2023-24 में 18.48 गीगावाट की उच्चतम अक्षय ऊर्जा क्षमता वृद्धि दर्ज की। सरकार 2030 तक 500 गीगावाट के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रति वर्ष 50 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता वृद्धि पर विचार कर रही है।

Related Articles

Back to top button