लखनऊ के गोमती नगर में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात, ICICI बैंक के बाहर महिला रिलेशनशिप मैनेजर की गोली मारकर हत्या

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। गोमती नगर थाने के बेहद करीब स्थित आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) की शाखा के बाहर बैंक की एक महिला अधिकारी की निर्मम हत्या कर दी गई है। मृतका की पहचान गोमती नगर ब्रांच में रिलेशनशिप मैनेजर के रूप में कार्यरत दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिव्या मिश्रा का अपने पति के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को जब वे अपनी ड्यूटी पर बैंक पहुंची थीं, तभी वहां उनका पति पहुंचा और किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी पति ने बैंक के बाहर ही दिव्या मिश्रा को गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इस भयानक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।

गोली चलने की आवाज से बैंक परिसर और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्च अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी पति की तलाश के लिए दबिश दे रही है। इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button