
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है, जिससे लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने 12 और 13 जनवरी को राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसके बाद, 14 जनवरी को भी कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रभाव रहेगा, हालांकि, उसके बाद ठंड में राहत मिलने की संभावना है।
वहीं, मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत और बिहार में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। 11-16 जनवरी के दौरान बिहार के कुछ हिस्सों और 11 जनवरी को उत्तरी राजस्थान में शीत दिवस की चेतावनी भी जारी की गई है।
बता दें, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री से नीचे था। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में पारा 1 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। उत्तर प्रदेश में 13 जनवरी तक सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिलेगा। बिहार में 12 जनवरी तक घने कोहरे की संभावना है।
आपको बता दें, कश्मीर में शीतलहर की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है, और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे गिर गया है। श्रीनगर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले की रात का तापमान शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस नीचे था। दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि पहलगाम में यह तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
वहीं, शीतलहर और कोहरे के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है। जम्मू डिविजन, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब में 16 तारीख तक, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में 17 तारीख तक, पश्चिमी राजस्थान में 13 तारीख तक, और पूर्वी राजस्थान तथा उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 14 तारीख तक घने कोहरे का प्रभाव देखने को मिलेगा।









